

गुरुग्राम नगर निगम के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नगर निगम की आगामी वार्ड बंदी की प्रक्रिया शुरू करने को लेकर सोमवार को बैठक हुई में निगम आयुक्त मुकेश कुमार आहुजा ने अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। वार्ड बंदी की प्रक्रिया के लिए निजी एजेंसी घर-घर जाकर सर्वे करेगी। इसमें ब्लॉक और मैप आदि कार्य शामिल होंगे। इस कार्य की पर्याप्त निगरानी की जाएगी।
निगमायुक्त ने कहा कि हरियाणा नगर निगम अधिनियम-1994 के तहत वार्ड बंदी के लिए सर्वे का कार्य शुरू किया जाए। यह सर्वे नगर निगम की सीमा में वास्तविक जनसंख्या के आधार पर किया जाएगा। सर्वे के लिए एजेंसी नियुक्त होगी, जो घर-घर जाकर सर्वे करेगी। सर्वे का कार्य मार्च 2022 तक पूरा होगा। अप्रैल 2022 में सरकार को सर्वे रिपोर्ट भेजी जाएगी।
अगले साल होना है निगम चुनाव: नगर निगम के चुनाव अगले साल होना तय हैं। इसमें अभी समय बाकी है। शहर में मौजूद 35 वार्ड की सीमाओं के निर्धारण के लिए काम शुरू हो गया है। इनकी सीमाओं के कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन निगम के वार्डबंदी में करीब 16 नए गांव अवश्य जुड़ गए हैं। उनकी वार्ड बंदी कर और नए वोटर की लिस्ट तय कर उनको जल्द जारी किया जाएगा।