देहरादून- समावेशी शिक्षा आज समाज के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए देहरादून स्थित जायन अकादमी में बच्चों के लिए 6 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया। एकता कॉलोनी स्थित यह संस्थान समावेशी शिक्षा एवं नई शिक्षा प्रणाली के अंतर्गत बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को सशक्त दिशा प्रदान करने का कार्य कर रहा है। संस्थान की यह पहल बच्चों के समावेशी विकास एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
समर कैंप के उद्घाटन अवसर पर वार्ड संख्या 54, अजबपुर, नगर निगम देहरादून की पार्षद श्रीमती रजनी ढोंडियाल एवं रुड़की-हरिद्वार स्थित इमलीखेड़ा नगर पंचायत के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्थान की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजलि सुब्रमण्यम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अभिभावक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद श्रीमती रजनी ढोंडियाल ने समावेशी शिक्षा को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए इसके विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। वहीं अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए संस्थान द्वारा समावेशी शिक्षा और समर कैंप के आयोजन की सराहना की। उन्होंने बच्चों और विशेष आवश्यकता वाले परिवारों पर मोबाइल फोन के बढ़ते दुष्प्रभाव को लेकर भी चिंता व्यक्त की। साथ ही दोनों अतिथियों ने संस्थान से भविष्य में भी जागरूकता एवं बाल विकास से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते रहने का आग्रह किया।
संस्थान की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजलि सुब्रमण्यम ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों की व्यक्तिगत प्रतिभाओं को पहचानना तथा किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावसायिक एवं रचनात्मक सोच को विकसित करना है। उन्होंने बताया कि आगामी छह दिनों में बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अनेक व्यावहारिक एवं रचनात्मक कौशलों की जानकारी दी जाएगी। समर कैंप के दौरान बच्चे कैंडल मेकिंग, नृत्य, संगीत, कला एवं विभिन्न खेल गतिविधियों में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
