देहरादून- उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर आज देहरादून में आयोजित सचिवालय घेराव कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NOPRUF) उत्तराखंड ने पूर्ण समर्थन एवं सक्रिय सहभागिता दर्ज की। प्रदेशभर से आए शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि TET की अनिवार्यता के कारण वर्षों से कार्यरत शिक्षकों के समक्ष अनावश्यक असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिसका समाधान सरकार को प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए। साथ ही पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर भी कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद की।
विक्रम सिंह रावत, प्रदेश प्रभारी, NOPURF ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज का विशाल जनसमूह इस बात का प्रमाण है कि कर्मचारी और शिक्षक अब अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि TET की अनिवार्यता और पुरानी पेंशन बहाली जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लिया जाए।
मनोज अवस्थी, प्रदेश अध्यक्ष, ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक न्याय का विषय है। उन्होंने कहा कि NOPRUF उत्तराखंड प्रदेश के सभी कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों के संघर्षों के साथ मजबूती से खड़ा है और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर NOPRUF संगठन द्वारा आगामी 1 अक्टूबर को “आर-पार महारैली” का आह्वान किया गया है। इस महारैली में प्रदेशभर के कर्मचारी, शिक्षक, पेंशन विहीन कार्मिक एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने सभी कर्मचारियों से इस ऐतिहासिक आंदोलन में बढ़-चढ़कर सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
सीताराम पोखरियाल, प्रदेश महासचिव, ने कहा कि कर्मचारी और शिक्षक लंबे समय से अपनी मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालते हुए पुरानी पेंशन बहाली पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि NOPRUF का संघर्ष कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए निरंतर जारी रहेगा।
कीर्ति भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी, ने कहा कि आज का सचिवालय घेराव कर्मचारी और शिक्षक एकता का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि NOPRUF उत्तराखंड कर्मचारी हितों की आवाज को लगातार मजबूती से उठाता रहेगा तथा सरकार से अपेक्षा करता है कि वह कर्मचारियों और शिक्षकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
अंत में राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NOPRUF) उत्तराखंड ने उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा आयोजित इस आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा कर्मचारी एवं शिक्षक हितों के लिए संयुक्त संघर्ष को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। रैली में जसपाल सिंह गुसाईं प्रदेश सहप्रभारी, लक्ष्मण सिंह सजवाण, राजीव उनियाल गढ़वाल मंडल मंत्री, अवधेश सेमवाल जिला अध्यक्ष देहरादून, आशीष जोशी, अंकित रौथाण, प्रवीण सिंह पंवार आदि ने प्रतिभाग किया
