

देहरादून(ब्यूरो)
गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश से 6 दोस्त शुक्रवार सुबह ऋषिकेश घूमने आये। लेकिन गंगा में नहाते हुए उन्होंने अपने दो दोस्तों को खो दिया। घटना के बाद से बाकी चार दोस्तों का रो- रो कर बुरा हाल है। इन चारों से इस ट्रिप ने दो दोस्तों को हमेशा के लिए दूर कर दिया।
मुनिकीरेती पुलिस के मुताबित 6 दोस्त शालीमार गार्डन साहिबाबाद, गाजियाबाद से शुक्रवार सुबह ऋषिकेश घूमने आये थे। तपोवन में लक्ष्मण झूला के पास एक होटल में रूके थे। सुबह ब्रेक फास्ट करने के बाद गंगा में नहाने के निकल गये। ये सभी दोस्त तपोवन और नीम बीच के मध्य एक घाट में नहाने लगे। तभी अचानक इनके पैरों के नीचे से रेत फिसल गई और ये सभी गहरे पानी डूब गये। इनमें चार तो पानी से बाहर निकल गये लेकिन दो पानी में निकलने में कामयाब नहीं हो पाए। पानी में डूबने पर इन्होंने चिल्लाना शुरू किया तो गंगा के दूसरी तरफ के बोट संचालकों के निगाहें उन पर पड़ी। साथ ही राफ्टिंग कर रहे पर्यटकों ने रेस्क्यू के लिए अपनी राफ्ट रोक दी, तभी मुनिकी रेती थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम भी वहां पहुंच गई। सभी ने रेस्क्यू कर दोनों को पानी से बाहर निकाला। जिसके बाद दोनों को 108 की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतकों के नाम रजत खन्ना उम्र 21 वर्ष और शुभम उम्र 25 वर्ष बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों के युवकों के परिजनों को सूचना दे दी है।