ऋषिकेश- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर जनपद टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुई बस दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी घायलों को समुचित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुःखद दुर्घटना से प्रभावित लोगों एवं उनके परिजनों के साथ खड़ी है। घायलों के उपचार एवं प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को ₹2-₹2 लाख की आर्थिक सहायता, गंभीर रूप से घायलों को ₹1 लाख तथा सामान्य रूप से घायलों को ₹40 हजार तक की राहत राशि प्रदान करने की घोषणा की है। साथ ही, मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल एवं आरटीओ, देहरादून को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए तथा घायलों को समुचित एवं बेहतर चिकित्सा उपचार सुनिश्चित किया जाए।
