
सीएम पुष्कर सिंह धामी सरकार में वन मंत्री सुबोध उनियाल के खिलाफ भाजपा के पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल के आंदोलन के बाद उत्तराखंड बीजेपी संगठन भी हरकत में आया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने पार्टी के सभी मंत्री और विधायकों को अनुशासन में रहने की हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की पैरवी ठीक है, लेकिन इसमें सयंम बरतना बेहद जरूरी है। वन मंत्री सुबोध उनियाल और पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल के बीच मंगलवार को हुए विवाद को भाजपा संगठन ने गंभीरता से लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने वन मंत्री व विधायक दोनों से इस मामले पर रिपोर्ट मांगी है। बुधवार को दोनों से बात करने के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह जरूरी है कि पार्टी में अनुशासन बना रहे।
उन्होंने कहा कि कल जिस तरह का व्यवहार प्रदर्शित किया गया उसे संगठन में कतई जायज नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने पार्टी के सभी मंत्रियों, विधायकों और जन प्रतिनिधियों से सार्वजनिक जीवन में संयम एवं अनुशासन का पालन करने को कहा है।